हथियार डालने पर ही होगी आतंकी गुटों से वार्ता : चिदंबरम
नई दिल्ली, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। सरकार ने बुधवार को दोहराया कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के आतंकवादियों और नक्सलियों के साथ वार्ता उसी सूरत में होगी जब वे हथियार डाल देंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने राज्यसभा में कहा, "हमारा रुख स्पष्ट है। हथियार डालो, संप्रभुता की मांग छोड़ो और बातचीत हो सकती है। मेरी पूर्वोत्तर के सभी आतंकी गुटों से यही अपील है। संप्रभुता की मांग छोड़ दीजिए और हथियार डालिए। इससे बातचीत का मार्ग प्रशस्त होगा।"
उनसे पूछा गया था कि क्या सरकार युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा)के साथ वार्ता पर विचार कर रही है।
चिदंबरम ने कहा कि संगठन के तीन नेताओं को मेघालय-बांग्लादेश सीमा पर पकड़ा गया है और उन्हें असम पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
नक्सली हिंसा पर काबू पाने के उपायों के बारे में पूछे जाने पर भी उन्होंने ऐसा ही जवाब दिया। चिदंबरम ने कहा, "अगर नक्सली हिंसा छोड़ दें तो उनके साथ किसी भी मुद्दे पर चर्चा की जा सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications