हुर्रियत नेता को गोली मारी, अल-नसरीन ने ली जिम्मेदारी (राउंडअप)
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध हमलावरों ने कुरैशी को सौरा इलाके में स्थित उनके आवास के पास चार हमलावरों ने उन्हें नजदीक से गोली मार दी जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उस वक्त वह शाम की नमाज के लिए मस्जिद जा रहे थे। कुरैशी पीपुल्स पोलिटिकल फ्रंट के अध्यक्ष भी हैं।
कुरैशी को गंभीर हालत में शेर-ए-कश्मीर सौरा मेडिकल संस्थान में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों ने कहा कि कुरैशी के सिर में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर है।
सूत्रों ने कहा कि डाक्टरों का एक दल आपरेशन कर रहा है।
इस बीच अल-नसरीन ने कुछ स्थानीय दैनिक के कार्यालयों में फोन कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
कुरैशी पर इस जानलेवा हमले को कश्मीरी अलगाववादियों और केंद्र सरकार के बीच जारी वार्ता को बाधित करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने इस कृत्य को शांति प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करार दी है।
उन्होंने कहा कि उदारवादी हुर्रियत नेताओं की सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुरैशी को सुरक्षा का प्रस्ताव दिया गया था लेकिन उन्होंने लेने से मना कर दिया था।
विपक्षी पार्टी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) नेता मुजफ्फर हुसैन बेग ने कहा कि कोई है जो शांति प्रक्रिया को पटरी से उतारना चाहता है।
अलगाववादी नेताओं में सम्मानित कुरैशी को वार्ता प्रक्रिया का मुखर समर्थक माना जाता है। 3 अगस्त 2000 को उन्होंने तत्कालीन गृह सचिव और प्रतिबंधित हिजबुल मुजाहिदीन के चार कमांडरों बीच वार्ता की मध्यस्थता की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications