हुर्रियत नेता को गोली मारी, हालत गंभीर (लीड-2)
श्रीनगर, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। मीरवाइज उमर फारुख के नेतृत्व वाले हुर्रियत के उदारवादी धड़े के कार्यकारी समिति सदस्य और अलगाववादी नेता फजल हक कुरैशी को शुक्रवार शाम को सौरा इलाके में हमलावरों ने गोली मार दी जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध हमलावरों ने कुरैशी को सौरा इलाके में स्थित उनके आवास के नजदीक गोली मार दी जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें काफी नजदीक से गोली मारी गई। उस वक्त वह शाम की नमाज के लिए मस्जिद जा रहे थे। कुरैशी पीपुल्स पोलिटिकल फ्रंट के अध्यक्ष भी हैं।
कुरैशी को गंभीर हालत में शेर-ए-कश्मीर सौरा मेडिकल संस्थान में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों ने कहा कि कुरैशी के सिर में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर है।
सूत्रों ने कहा कि डाक्टरों का एक दल आपरेशन कर रहा है।
कुरैशी पर इस जानलेवा हमले को कश्मीरी अलगाववादियों और केंद्र सरकार के बीच जारी वार्ता को बाधित करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने इस कृत्य को शांति प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करार दी है।
विपक्षी पार्टी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) नेता मुजफ्फर हुसैन बेग ने कहा कि कोई है जो शांति प्रक्रिया को पटरी से उतारना चाहता है।
अलगाववादी नेताओं में सम्मानित कुरैशी को वार्ता प्रक्रिया का मुखर समर्थक माना जाता है। 3 अगस्त 2000 को उन्होंने तत्कालीन गृह सचिव कमल पांडे और प्रतिबंधित हिजबुल मुजाहिदीन के चार कमांडरों बीच वार्ता की मध्यस्थता की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications