दिल्ली में स्वाइन फ्लू से 2 की मौत
नई दिल्ली, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली में स्वाइन से दो महिलाओं की मौत हो गई। इस तरह यहां मृतकों की संख्या बढ़कर 28 हो गई। इस बीच शुक्रवार को एक बार फिर दिल्ली में सबसे अधिक 186 नए मामले सामने आए।
दिल्ली में शुक्रवार को सामने आए 186 नए मामलों के साथ ही यहां पीड़ितों की संख्या बढ़कर 5603 हो गई। दिल्ली में गुरुवार को 176 मामले दर्ज किए गए थे।
स्वाइन फ्लू के राज्य नोडल अधिकारी अंजना प्रकाश ने आईएएनएस से कहा कि गुरु रामदास नगर निवासी 40 वर्षीय महिला की फ्लू की वजह से लोक नायक अस्पताल में मौत हो गई। उधर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में जनकपुरी निवासी 60 वर्षीय महिला की इस बीमारी से मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि दोनों महिलाओं ने अस्पताल आने में देरी की।
अब देश में सबसे अधिक पीड़ितों की संख्या दिल्ली में हो गई है। राज्य सरकार ने इसे देखते हुए लोगों में जागरूकता के लिए अभियान शुरू करने का फैसला किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications