लश्कर आतंकवादियों को पूछताछ के लिए बेंगलुरू ले जाया गया (लीड-1)
बांग्लादेश ने लश्कर-ए-तैयबा के दोनों आतंकवादियों टी.नजीर उर्फ नजीर परवान और उसके रिश्तेदार सफीक उर्फ शमशुद्दीन को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों को बुधवार को सौंपा था।
मेघालय के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया, "शिलांग में पूछताछ के दौरान 25 वर्षीय नजीर ने 28 दिसंबर 2005 में बेंगलुरू में हुए श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोटों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।"
अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को बेंगलुरू ले जाने के लिए बेंगलुरू पुलिस की एक टीम गुरुवार को ही शिलांग पहुंच गई थी।
गौरतलब है कि शिलांग की निचली अदालत ने इन आरोपियों को गुरुवार को एक दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया था।
अधिकारी ने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि नजीर प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा का दक्षिण भारत का प्रमुख है।
उधर, केरल पुलिस ने भी मेघालय पुलिस से इन आतंकवादियों से पूछताछ की इच्छा जाहिर की है।
केरल के पुलिस महानिरीक्षक तोमिम जे.थाचेंकेरी ने कन्नूर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा, " पुलिस की एक टीम जल्द ही बेंगलुरू जाएगी। हम आरोपियों से बेंगलुरू पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से पूछताछ करेंगे।"
पुलिस अधिकारियों के अनुसार केरल में नजीर के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री ई.के.नयनार की हत्या के प्रयास सहित चार मामले दर्ज हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications