वर्ष 2020 तक उत्सर्जन में 20-25 प्रतिशत कटौती करेगा भारत (लीड-1)
पर्यावरण राज्य मंत्री जयराम रमेश ने कहा कि चीन सहित कुछ विकासशील देशों के साथ जलवायु परिवर्तन पर सामंजस्य बनाया गया है और भारत जीडीपी के अनुपात में ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कटौती कर रहा है।
चीन के वर्ष 2005 के स्तर से वर्ष 2020 तक ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में 40-45 प्रतिशत की कटौती करने और ब्राजील के 38-42 प्रतिशत की कटौती की घोषणा के कुछ दिनों बाद भारत ने यह घोषणा की है।
डेनमार्क की राजधानी में 7-18 दिसम्बर को होने वाले सम्मेलन में भारत के रुख पर लोकसभा में चली बहस का जवाब देते हुए रमेश ने कहा कि अन्य विकासशील देशों की तुलना में भारत का उत्सर्जन कम है और वर्ष 1990 से 2005 के बीच इसमें 17.6 प्रतिशत की गिरावट हुई।
रमेश ने कहा कि कोपेनहेगन में भारत किसी भी कानूनी रूप से बाध्य उत्सर्जन कटौती समझौते को स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, "कुछ देशों द्वारा ऐसे कुछ प्रयास किए जा रहे हैं कि विकासशील देशों को ऐसे समय घोषणा करनी चाहिए, जब उनका उत्सर्जन चरम पर होगा। हम चरम के वर्ष पर समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे। यह स्वीकार्य नहीं है। इन दोनों मुद्दों पर समझौता करने का कोई सवाल ही नहीं है। यह अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में आम सहमति पर निर्भर है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications