कृष्णा-गोदावरी केवल दादरी परियोजना के लिए नहीं : आरएनआरएल
आरएनआरएल के वकील मुकुल रोहतगी ने पारिवारिक समझौते का हवाला देते हुए कहा, "मुकेश अंबानी के समूह द्वारा अनिल अंबानी के समूह को आपूर्ति की जाने वाली गैस का अनिल अंबानी की कंपनी के साथ व्यापार करने के अलावा किसी और के साथ व्यापार नहीं किया जा सकता।"
प्रधान न्यायाधीश के. जी. बालाकृष्णन की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष रोहतगी ने अंबानी बंधुओं के बीच मां कोकिला बेन द्वारा करवाए गए समझौते का हवाला देते हुए कहा, "गैस के आंतरिक व्यापार की अनुमति है।"
वकील ने कहा कि पारिवारिक समझौते के मुताबिक मुकेश अंबानी की कंपनी आरआईएल से अनिल की कंपनी आरएनआरएल को आपूर्ति की गई गैस के आंतरिक व्यापार या अदला-बदली की अनुमति है।
उन्होंने कहा, "समझौते के तहत गैस की आपूर्ति अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की सभी कंपनियों को करनी है न कि केवल दादरी परियोजना के लिए।"
रोहतगी ने कहा, "यदि दादरी परियोजना पर किसी कारणवश क्रियान्वयन नहीं होता है तो समूह अपनी किसी अन्य परियोजना के लिए गैस का इस्तेमाल कर सकती है।" उन्होंने यह भी कहा, "गैस की आपूर्ति का दायित्व केवल दादरी परियोजना तक सीमित नहीं है बल्कि यह समूह की सभी बिजली परियोजनाओं के लिए है।"
गौरतलब है कि इन दिनों सर्वोच्च न्यायालय में आंध्र प्रदेश के कृष्णा गोदावरी बेसिन से निकलने वाली गैस की कीमत और मात्रा को लेकर अंबानी बंधुओं के बीच विवाद की सुनवाई हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications