भारतीय दूतावास ने बिन बुलाए मेहमानों से नाता तोड़ा
वाशिंगटन, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में दिए गए रात्रिभोज में बिन बुलाए मेहमान के रूप में शरीक होने वाले सेलिब्रिटी दंपत्ति से भारतीय दूतावास ने नाता तोड़ लिया है।
अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास जून 2010 में होने वाले अमेरिका के पोलो कप में हिस्सा नहीं लेगा। इस प्रतियोगिता का आयोजन वही सेलिब्रिटी दंपत्ति मिशेल और तारिक सलाही करने वाला है। दूतावास के एक प्रवक्ता ने बुधवार को कहा, "भारतीय दूतावास ने 2010 के अमेरिका पोलो कप से हटने का फैसला किया है।"
दंपत्ति ने इस आयोजन की घोषणा नौ सितंबर को की थी। आयोजन से संबद्ध वेबसाइट में लैंडरोवर, रिट्ज कार्लटन और सेंट रेजिस होटल को प्रायोजक बताया गया है। लेकिन आयोजकों ने फॉक्स न्यूज को बताया कि यह सरासर गलत है और वे उस वैबसाइट से अपने लोगो हटवाने की मांग कर रहे हैं।
इस दंपत्ति से गुरुवार को सदन की घरेलू सुरक्षा समिति के समक्ष पेश होने का कहा गया है, उन्होंने इससे इंकार कर दिया है और उनकी प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सलाही दंपत्ति ने पहले ही सांसदों को जानकारी मुहैया करवा चुके हैं।
अमेरिका की सीक्रेट सर्विस कबूल कर चुकी है कि प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
दंपत्ति ने हालांकि एक टीवी साक्षात्कार में कहा है कि उन्हें इस रात्रिभोज का न्योता मिला था। लेकिन सलाही दपंत्ति और रक्षा मंत्रालय में कार्यरत उनके एक मित्र के बीच हुए ई-मेल संदेशों के आदान-प्रदान से पता चलता है कि उन्होंने निमंत्रण पत्र हासिल करने की कोशिश की थी लेकिन वे नाकाम रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications