अनशन को जारी रखे हुए हैं टीआरएस प्रमुख (लीड-1)
हैदराबाद, 1 दिसम्बर (आईएएनएस)। अपने आमरण अनशन को अचानक तोड़ने को लेकर जनता की नाराजगी का सामना कर रहे तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के अध्यक्ष के.चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को कहा कि वह अपना अनशन जारी रखे हुए हैं और अलग तेलंगाना राज्य के गठन के लिए खुद को कुर्बान करने को तैयार हैं।
ज्ञात हो कि राव ने सोमवार की शाम अनशन तोड़ दिया था। मगर उन्होंने दावा किया है कि उन्हें सोमवार को अस्पताल में जबरन सलाइन ड्रिप दे दिया गया था लेकिन सोमवार की रात से उन्होंने कुछ भी नहीं ग्रहण किया है। महबूबनगर से सांसद राव फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और खम्माम कस्बे में एक सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं।
राव ने मंगलवार को अस्पताल में संवाददाताओं से कहा कि उनका अनशन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार अलग तेलंगाना राज्य के गठन के लिए तैयार नहीं हो जाती है। उन्होंने कहा, "मैं अंत तक संघर्ष करता रहूंगा।"
राव को आमरण अनशन की शुरुआत के लिए मेंढक जिले के सिद्दिपेट जाते समय रविवार को करीमनगर कस्बे के समीप गिरफ्तार किया गया था। अनशन के कारण हालत बिगड़ने के बाद राव को खम्माम उप कारागार से निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
उल्लेखनीय है कि गिरफ्तारी के बाद राव को रविवार को 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications