पंजाब में नक्सली खतरा : पुलिस प्रमुख
चंडीगढ़, 1 दिसम्बर (आईएएनएस)। पंजाब के पुलिस प्रमुख ने आशंका जताई है कि पंजाब को नक्सलियों से बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि नक्सली राज्य में लगातार अपनी पकड़ मजबूत करते जा रहे हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक पी.एस.गिल ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं को बताया, "दो वर्ष पहले दुबे नामक एक नक्सली नेता पंजाब आया था। उसने पूरे राज्य का दौरा किया और विभिन्न समितियां गठित करने की कोशिश की। हाल में हमने इस तरह की एक जोनल कमेटी की पहचान की है और अन्य दूसरी कमेटियों की पहचान करने की कोशिशें की जा रही हैं।"
गिल ने कहा, "नक्सली पूरे राज्य में फैल गए हैं। पिछले कुछ महीनों के दौरान पंजाब में किसानों और कर्मचारी संगठनों के आंदोलन देखे गए हैं और वामपंथी चरमवादी तत्वों ने इन संगठनों के लिए रास्ते तैयार किए हैं।"
गिल ने कहा कि वामपंथी चरमवादी तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पंजाब पुलिस ने हाल में पुलिस की खुफिया शाखा में एक विशेष प्रकोष्ठ गठित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications