'बहुत बड़े सपने देखते हैं कोड़ा'
रांची, 1 दिसम्बर (आईएएनएस)। झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री और 2,500 करोड़ रुपये के गैर-कानूनी लेनदेन में शामिल होने के आरोपी मधु कोड़ा के परिजनों का कहना है कि कोड़ा बहुत बड़े सपने देखते हैं।
कोड़ा के किसान पिता रासिका कोड़ा ने कहा, "बेटे का राजनीति में शामिल होने का फैसला बड़ी भूल थी। मैंने उन्हें कहा था कि वह राजनीति में कदम नहीं रखें।"
कोड़ा के पिता ने कहा, "आखिर मैं उन्हें कैसे मना कर सकता था। जब से उन्होंने राजनीति में कदम रखा उनकी नींद खराब हो गई थी। उनके विचार अराजक हो गए थे और अंत में वह विवादों में फंस गए।"
कोड़ा की बहन सुमित्रा बिरुआ ने कहा, "किसान के बेटे को किसान ही होना चाहिए। कोड़ा अच्छी किसानी करते थे। उन्हें भारतीय इस्पात प्राधिकरण में नौकरी मिल सकती थी और वह सामान्य जिंदगी गुजार सकते थे लेकिन वह बड़े सपने देखते थे।"
कोड़ा के पिता अपने बेटे के बचाव में भी आगे आए। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं विश्वास हो रहा है कि मेरे बेटे ने इतनी अधिक संपत्ति बनाई है। जांच से उन पर लगे आरोपों से पर्दा उठ जाएगा। मुझे विश्वास है कि वह खराब लोगों की संगति में आ गए थे।"
कोड़ा के पिता का कहना है कि उनके बेटे के खिलाफ दिल्ली में साजिश रची गई। पूर्व मुख्यमंत्री के छोटे भाई राजेश ने कहा, "मेरे भाई गैर जनजातीय राजनीति का निशाना बने।"
कोड़ा के पिता अपनी बहू गीता कोड़ा के राजनीति में कदम रखने के फैसले का भी विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैंने बहू के राजनीति में आने का समर्थन नहीं किया है। आखिर झारखण्ड की राजनीति में केवल भ्रष्ट लोग ही तो बचे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications