पाकिस्तानी पत्रकार नजम सेठी को गोल्डेन पेन ऑफ फ्रीडम पुरस्कार
सेठी को यह पुरस्कार प्रेस की आजादी की रक्षा करने एवं इसे बढ़ावा देने के लिए दिया गया है। फ्राइडे टाइम्स एवं डेली टाइम्स के मुख्य संपादक सेठी ने वर्ष 2009 के लिए यह पुरस्कार वर्ल्ड एडिटर्स फोरम के प्रमुख जेवियर विडाल-फोक से हासिल किया। उन्हें वर्ल्ड न्यूजपेपर्स कांग्रेस एवं वर्ल्ड एडिटर्स फोरम के उद्घाटन समारोह के दौरान पुरस्कृत किया गया।
प्रखर तेवर के पत्रकार रहे सेठी को साहसी और बेबाक पत्रकारिता का झंडाबरदार माना जाता रहा है। पाकिस्तान को पत्रकारों के लिए सर्वाधिक जोखिम भरी जगहों में से एक करार देते हुए यहां जुटे प्रतिनिधियों ने पाक मीडिया के प्रति एकजुटता का इजहार किया। बयान में कहा गया है कि कठिनाइयों के बावजूद पाकिस्तानी पत्रकार मीडिया की आजादी की रक्षा करने में सफल रहे हैं।
इस मौके पर विडाल ने कहा कि आज पूरी दुनिया पाकिस्तान में जारी चरमपंथ एवं दहशतगर्दी से चिंतित है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रेस की आजादी और गरिमा को उच्च प्राथमिकता नहीं दी जाती तब तक पाकिस्तान में स्थायी लोकतंत्र की स्थापना नहीं हो सकती।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications