बिहार में एक पान दुकान पर मिलता है मुफ्त कंडोम
पान दुकानदार श्याम कुमार सभी पान खाने वालों को एक-एक कंडोम मुफ्त में देते हैं। पूर्णिया जिला मुख्यालय से सटे जीरो माइल के पास स्थित लखनझरी क्षेत्र वैसे तो सेक्स वर्करों के लिए पहचाना जाता है लेकिन अब यह क्षेत्र 34 वर्षीय श्याम की दुकान के लिए भी पहचाना जाता है।
श्याम बताते हैं कि उनके एक मित्र की मौत चार वर्ष पूर्व एड्स के कारण हो गई थी तभी से इस दोस्त के प्रति सच्ची श्रद्घांजलि के लिए उन्होंने मुफ्त में कंडोम बांटना प्रारंभ किया। उन्होंने कहा, "यह मित्र के प्रति जहां सच्ची श्रद्घांजलि है वहीं लोगों को एड्स से बचाव के लिए उपाय भी है।"
इस क्षेत्र में एड्स के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के लिए काम करने वाली स्वयं सेवी संस्था भी श्याम के इस कार्य की सराहना करते हैं। स्वयंसेवी संस्था 'डीडीडब्लूएफ ' के विक्रम कुमार बताते हैं कि स्वयंसेवी संस्थाओं को भी जो कंडोम दिया जाता है उसे भी वे लोग श्याम की दुकान में रख देते हैं और यहीं से सही लोगों के हाथ में वितरण हो जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications