भाजपा, कांग्रेस दोनों दोषी हैं :मायावती
लखनऊ में बुधवार को अपने सरकारी आवास में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मायावती ने कहा कि अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने को लेकर लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट आने के बाद केंद्र सरकार ने साफ जता दिया है कि बाबरी विध्वंस प्रकरण में किसी के खिलाफ कार्रवाई करने का उसका कोई इरादा नहीं है। मायावती ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करनी थी तो आयोग बनाकर 17 साल तक करोड़ों रुपये खर्च करने का घिनौना नाटक क्यों किया गया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश के लोग इस बात का जवाब चाहते हैं।
मायावती ने बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराए जाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ-साथ कांग्रेस को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना भाजपा और कांग्रेस की मिलीभगत के छह दिसंबर 1992 की इस घटना को अंजाम ही नहीं दिया जा सकता था। उन्होंने इसकी रिपोर्ट लीक होने पर भी सवाल उठाए। मायावती ने बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले पर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव को भी लपेटे में लेते हुए कहा कि मुलायम ने भी उस दौरान भड़काऊ भाषण दिए थे और अपनी राजनीति चमकाई थी।
मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट से जुड़े किसी भी तरह के धरने-प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। उनके मुताबिक इस रिपोर्ट की आड़ में जो भी कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, उनके खिलाफ राज्य सरकार कठोर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, "मैंने पुलिस महानिदेशक और गृह सिचव को निर्देश दिया है कि कानून हाथ में लेकर शांति भंग करने वाले शरारती तत्व कितने ही बड़े और प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications