दिल्ली-नोएडा मेट्रो सेवा का उद्घाटन (लीड-2)
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी ने अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर यमुना बैंक से नोएडा सिटी सेंटर की ओर जाने वाली मेट्रो को रवाना किया।
नोएडा सेवा के उद्घाटन के बाद दीक्षित ने कहा, "यह पहली बार है, जब दिल्ली मेट्रो दूसरे राज्य में प्रवेश कर रही है और यह डीएमआरसी (दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन) के लिए बड़े सम्मान की बात है।"
मेट्रो रेलवे सुरक्षा आयुक्त आर. के. कर्दम द्वारा सुरक्षा मंजूरी देने के बाद इस खंड की मेट्रो सेवा को शुरू करने का निर्णय लिया गया।
डीएमआरसी के अनुमान के मुताबिक नोएडा सेवा शुरू हो जाने के बाद मेट्रो के यात्रियों की संख्या में 53,000 की वृद्धि होगी।
पिछले महीने डीएमआरसी ने कहा था कि वह 14 नवम्बर को शुरू होने वाले भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के आरंभ से पहले यह सेवा शुरू करना चाहती थी।
यह मेट्रो सेवा पूर्वी दिल्ली के यमुनापार के इलाकों-मयूर विहार और अशोक नगर तथा नोएडा के हजारों यात्रियों की यात्रा आदतों में बड़ा परिवर्तन ला सकती है। और इससे नोएडा राजमार्ग व आईटीओ जंक्शन पर यातायात कम होने की संभावना है।
यमुना बैंक और नोएडा सिटी सेंटर के बीच मेट्रो के 10 स्टेशन होंगे।
जयपाल रेड्डी का कहना है, "यह एक ऐतिहासिक शुरुआत है। मैं बहुत खुश हूं और दिल्ली मेट्रो के राष्ट्रीय राजधानी से आगे के विस्तार के अवसर से जुड़ने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं"
मेट्रो के किराए में वृद्धि पर डीएमआरसी प्रमुख श्रीधरन का कहना है, "किराए में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है लेकिन उपभोक्ता मूल्य सूचकांक कहीं अधिक बढ़ा है।"
रेड्डी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेट्रो की सुरक्षा का जिम्मा राजधानी में सभी मेट्रो प्रतिष्ठानों की सुरक्षा करने वाले केंद्रीय औद्योगिक बल (सीआईएसएफ) का होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications