पेप्सिको के लिए भारत बड़ा बाज़ार

पेप्सिको के वैश्विक निदेशक मंडल की बैठक बुधवार को मुंबई में शुरू होगी। इससे एक दिन पहले मंगलवार को नूयी ने कहा, "भारत कंपनी के लिए भविष्य का सबसे महत्वपूर्ण बाजार बनने जा रहा है। इसी कारण हम चाहते थे कि निदेशक मंडल के सदस्य इस बाजार को देखें और समझें।"
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और भारत-अमेरिका व्यापार परिषद की ओर से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ प्रस्तावित मुलाकात के संदर्भ में आयोजित एक बैठक में उन्होंने यह बात कही।
निदेशक मंडल की बैठक में भारत को ध्यान में रखते हुए फैसले लिए जाने का संकेत देते हुए नूयी ने कहा, "मैं सोचती हूं कि निदेशक मंडल की यह एक ऐतिहासिक बैठक होने जा रही है।"
नूयी ने कहा, "भारत-अमेरिका व्यापार के लिए अगला वर्ष बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहा है। मैं सोचती हूं कि दोनों देशों का नेतृत्व व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाएगा।" उन्होंने कहा, "अमेरिका में हम सब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का स्वागत करने का इंतजार कर रहे हैं, जो संभवत: एक ऐतिहासिक और सफल यात्रा होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications