दलाई लामा का विश्व बंधुत्व, शांति का आह्वान

तवांग के पोलो ग्राउंड में तीन दिवसीय धार्मिक प्रवचन के पहले दिन दलाई लामा ने कहा, "दया और शांति दो शब्द हैं, जिनको सभी को याद रखना चाहिए।"
चीन का विरोध आधारहीन
रविवार को अरूणाचल प्रदेश पहुंचे दलाई लामा ने अपने दौरे के पहले दिन पत्रकारों से दो अलग अलग चर्चाओं में चीन पर हमला बोलते हुए विवाद और बढ़ाया। दलाई लामा ने कहा कि उनकी अरूणाचल प्रदेश की यात्रा पर चीन का विरोध पूरी तरह आधारहीन और इसमें कोई असामान्य बात नहीं है।
उन्होंने चीन पर आरोप लगाया कि वह अनावश्यक रूप से उन पर तिब्बत में एक अलगाववादी आंदोलन को प्रोत्साहन देने के आरोप लगाने का प्रयास कर रहा है। उल्लेखनीय है कि चीन ने दलाई लामा के अरूणाचल प्रदेश दौरे का विरोध किया था।
विदेशी श्रद्धालु भी पहुंचे
दलाई लामा की प्रार्थना सभा में कुछ विदेशी श्रद्धालुओं सहित हजारों लोग उपस्थित थे। स्थानीय बौद्ध धर्मगुरु टीजी रिंपोछे ने कहा कि सभा काफी बड़ी थी और मैदान में करीब 30 से 35 हजार लोग उपस्थित थे।
इससे पहले दलाई लामा ने तवांग में एक अस्पताल का उद्घाटन किया। उन्होंने इसके निर्माण में 20 लाख रुपये का योगदान दिया है। तवांग में धार्मिक प्रवचन बुधवार तक चलेंगे। दलाई लामा 12 नवंबर को समीप के कस्बों बोमडिला और दिरांग का दौरा करेंगे। उनकी अरूणाचल प्रदेश यात्रा 15 नवंबर को समाप्त होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications