महाराष्ट्रः शनिवार को बनेगी सरकार

राकांपा के प्रवक्ता डी.पी.त्रिपाठी ने कहा कि कई दिनों की गहन चर्चा के बाद तय समझौते के अनुसार कांग्रेस को 22 और राकांपा को 20 मंत्री पद मिलेंगे। त्रिपाठी ने बताया, "राकांपा के पास गृह, वित्त और ऊर्जा विभाग बने रहेंगे, जबकि कुछ अन्य विभागों पर चर्चा जारी है।"
सौदेबाजी समाप्त
राकांपा नेता और केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री प्रफुल्ल पटेल और मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के बीच एक निर्णायक बैठक के बाद दोनों पार्टियों की सौदेबाजी समाप्त हुई।
पटेल ने गुरुवार रात को मुंबई में कहा कि डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ कांग्रेस और राकांपा की ओर से सरकार बनाने के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल एस.सी.जमीर को शुक्रवार को पत्र सौंपा जाएगा और शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है।
कुछ विभागों पर मतभेद
संवाददाता से पटेल ने कहा कि सत्ता साझेदारी पर कांग्रेस-राकांपा में अब कोई मतभेद नहीं है। कुछ समायोजन करने थे और मामला अब हल हो गया है। ग्रामीण विकास, कृषि, सार्वजनिक निर्माण और विधानसभा अध्यक्ष के पद सहित कुछ अन्य महत्वपूर्ण विभागों पर दोनों पार्टियों में मतभेद कायम हैं।
गुरुवार शाम को ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास स्थान 10,जनपथ पर कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक के बाद रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने कहा, "हमारी बातचीत पूरी हो चुकी है। जो चीजें तय हुई हैं उनके बारे में कल आपको बताएंगे।"
राज्य विधानसभा के परिणाम घोषित होने के 14 दिन बाद दोनों पार्टियों के बीच का गतिरोध समाप्त हुआ है। कांग्रेस ने 288 सदस्यीय विधानसभा में 82 और राकांपा ने 62 सीटें जीती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications