येदियुरप्पा झुके, पर असंतुष्ट नहीं डिगे
मुख्यमंत्री ने कर्नाटक के 1980 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी बलिगर का उद्योग और वाणिज्य विभाग में प्रमुख सचिव के पद तबादला कर दिया। उन्होंने 1986 बैच के आईएएस अधिकारी आई. एस. एन प्रसाद को अपना सचिव नियुक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि बलिगर को हटाया जाना असंतुष्ट खेमे की मांगों में एक था। इस खेमे का नेतृत्व कर्नाटक के पर्यटन मंत्री जी. जनार्दन रेड्डी कर रहे हैं। वह पिछले कुछ दिनों से लगातार दिल्ली में डटे हुए हैं और केंद्रीय नेताओं से मिलकर येदियुरप्पा को हटाए जाने की मांग कर रहे हैं।
रेड्डी ने शुक्रवार को एक बार फिर वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज और वेंकैया नायडू से मुलाकात की। इन नेताओं से मुलाकात के बाद रेड्डी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उनकी मांगों में कोई बदलाव नहीं है। येदियुरप्पा से बेहतर नेतृत्व की हमारी मांग कायम है।
उन्होंने कहा, "मैं पिछले कुछ दिनों से यहां हूं और अपने विचारों से केंद्रीय नेतृत्व का अवगत करा रहा हूं। आज भी मैं केंद्रीय नेताओं के समक्ष यही मांगे रखूंगा।"
येदियुरप्पा भी पिछले दो दिनों से दिल्ली में हैं। उन्होंने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी। इसके बाद राजनाथ ने कर्नाटक का संकट जल्द ही सुलझा लेने का दावा किया था।
येदियुरप्पा दिल्ली में असंतुष्ट नेताओं से भी मिलना चाहते थे लेकिन रेड्डी ने गुरुवार को ही उनसे मिलने से इंकार कर दिया था।
बहरहाल, येदियुरप्पा अब पार्टी के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात करेंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में कहा, "मैं यहां रेड्डी बंधुओं से नहीं मिलने आया। मैं तो केंद्रीय नेताओं से मिलने आया हूं। सबसे मिलूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications