ड्रोन हमले में दो संदिग्ध चरमपंथी ढेर

पाकिस्तान में बुधवार को देर रात हुए ड्रोन हमले में कम से कम दो संदिग्ध चरमपंथियों के मारे जाने की ख़बरें आ रही हैं. समाचार एजेंसियों के मुताबिक गुरुवार की सुबह उत्तरी वज़ीरिस्तान में अमरीकी सेना ने चरमपंथियों को निशाना बनाकर ड्रोन मिसाइल हमले किए हैं.
हमला वज़ीरिस्तान के अफ़ग़ान सीमा से लगे नौरक गाँव में किया गया है. समाचार एजेंसी एपी को एक पाकिस्तानी खुफ़िया अधिकारी ने बताया है कि हमले में एक घर को निशाना बनाया गया है. एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है.
हालांकि अधिकारी ने अपनी पहचान ज़ाहिर करने से मना कर दिया क्योंकि ड्रोन हमलों के बारे में मीडिया के समक्ष बयान देने की इजाज़त उन्हें नहीं है. अभी तक ड्रोन हमले में मारे गए संदिग्ध चरमपंथियों की पहचान नहीं की जा सकी है.
ग़ौरतलब है कि वज़ीरिस्तान के इस इलाके में अमरीकी सेना और पाकिस्तानी सेना का तालेबान समर्थक चरमपंथियों से लगातार संघर्ष जारी है. इस कबायली इलाके में कई तालेबान समर्थक चरमपंथी और उनके नेता शरण भी लेते रहे हैं.
लेकिन ड्रोन हमलों में चरमपंथियों को निशाना बनाकर हमला करना भी विवादों में आता रहा है. कुछ ड्रोन हमलों में चरमपंथियों की जगह आम लोग भी निशाना बने हैं.
मानव रहित विमानों द्वारा होने वाले इन मिसाइल हमलों की पाकिस्तान के कई राजनीतिक और मानवाधिकार संगठनों ने निंदा भी की है.












Click it and Unblock the Notifications