'वज़ीरिस्तान में भारत का दख़ल नहीं'

भारतीय विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के उस आरोप का खंडन किया है कि जिसमें भारत पर वज़ीरिस्तान के चरमपंथियों को मदद देने का आरोप लगाया गया था.
विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने कहा कि पाकिस्तान में जो भी हो रहा है वह उनके ख़ुद का किया हुआ है और वहां कोई प्रभावशाली सरकार नहीं है.
हाल ही में पाकिस्तानी सेना के एक प्रवक्ता ने कहा था कि सेना के पास इस बात के सबूत हैं कि भारत चरमपंथियों को मदद पहुँचा रहा है.
पाकिस्तानी सेना पिछले कुछ समय से दक्षिणी वज़ीरिस्तान में अल क़ायदा और तालेबान के ख़िलाफ़ बड़ा अभियान छेड़े हुए हैं.
पाकिस्तानी सेना के मुख्य प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने हाल ही कहा था कि उनके जवानों ने चरमपंथियों के एक ठिकाने शेरवांगी से भारत में बने हथियार, गोला बारूद, साहित्य और चिकित्सा उपकरण बरामद किए हैं.
पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने भी भारत पर तालेबान को हथियारों की आपूर्ति का आरोप लगाया था.
इस पर एसएम कृष्णा का कहना था, "बलूचिस्तान या पाकिस्तान में जो कुछ भी हो रहा है उससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है. मेरा मानना है कि ये उनकी अपनी कृति है."


Click it and Unblock the Notifications