'ईरान प्रस्ताव का जल्द दे जवाब'

संयुक्त राष्ट्र की परमाणु संस्था अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख मोहम्मद अल बरदेई ने भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर दिए गए ताज़ा प्रस्ताव पर उसके जवाब जल्द पाने के लिए बनाए जा रहे दबाव में अपना स्वर जोड़ दिया है.
अल बरदेई ने कहा है कि पिछले महीने उनका तैयार किया वो प्रस्ताव, जिसके मुताबिक ईरान को अपना ज़्यादातर यूरेनियम संवर्द्धित करने के लिए विदेश भेजना था, इस मुद्दे पर पैदा हुए सभी पक्षों के विवाद को ख़त्म करने का सबसे अहम मौक़ा था.
अल बरदेई का कहना है," मैंने पहले भी कई बार कहा है कि भविष्य में ईरान का उद्देश्य क्या होगा, इसको लेकर व्यक्त की जा रही अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता को संबोधित करने वाला मसला आपसी विश्वास को बढ़ाने का वो क़दम है जो सिर्फ बातचीत से ही संभव हो पाएगा."
अल बरदेई ने कहा," मैं ईरान से आग्रह करता हूँ कि अमरीका, रूस और फ्रांस की पहल पर तैयार किए गए मेरे हाल के प्रस्ताव पर वो यथासंभव अपनी प्रतिक्रिया जल्द से जल्द दे. इस प्रस्ताव का उद्देश्य है कि ईरान को आपसी विश्वास बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की उस कड़ी में शामिल किया जा सके जिससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ उसकी विस्तृत बातचीत का रास्ता खुलेगा."
अल बरदेई ने ये भी कहा है कि बड़ा मुद्दा ये है कि शांति बनी रहे और इसके लिए बड़े स्तर पर सोचने कि ज़रूरत है और इस बात की भी ज़रूरत है कि टकराव से अलग,सहयोग का रास्ता अपनाया जाए.
मॉस्को में ब्रिटेन और रूस के विदेश मंत्रियों ने भी ईरान से अपील की है कि वो इस प्रस्ताव पर अपना जवाब जल्द से जल्द दे.
फ्रांस ने कहा है कि जवाब देने में देर करने की तकनीक बरदाश्त नहीं की जाएगी.
पश्चिमी देशों की सरकारों ने चिंता जताई है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम का इस्तेमाल परमाणु हथियार बनाने के लिए कर सकता है.
ईरान ने इन आशंकाओं का खंडन किया है और कहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूर्ण रूप से शांति के उद्देश्य से चलाया जा रहा है.












Click it and Unblock the Notifications