रावलपिंडी में धमाका, 20 मरे

पाकिस्तान के रावलिपंडी शहर में सोमवार की सुबह हुए एक बम धमाके में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं.
अधिकारियों ने बीबीसी हिंदी संवाददाता हफ़ीज़ चाचड़ को बताया कि धमाका नैशनल बैंक की पार्किंग के अहाते में हुआ है और ज़्यादातर लोग वहां अपना वेतन लेने के लिए आए थे.
ये शहर का भीड़भाड़ वाला इलाका है जहां कुछ बड़े होटल हैं और पाकिस्तान का फ़ौजी मुख्यालय भी वहां से ज़्यादा दूर नहीं है.
आशंका है कि कई लोग घायल भी हुए हैं जिनमें से कई की हालत गंभीर हो सकती है और मरनेवालों की संख्या बढ़ सकती है.
पाकिस्तानी सेना की तरफ़ से दक्षिणी वज़ीरिस्तान में शुरू हुए अभियान के बाद से जो चरमपंथी हमलों का सिलसिला शुरू हुआ है उसमें अबतक तीन सौ के लगभग लोगों की मौत हो चुकी है.
अभी तक किसी गुट ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है लेकिन पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है.
इस बीच पाकिस्तानी सरकार ने तहरीक ए तालिबान के प्रमुख हकीमुल्ला महसूद को पकड़वाने के लिए छह लाख डॉलर के इनाम का एलान किया है.


Click it and Unblock the Notifications