अफ़ग़ान चुनाव रद्द, करज़ई निर्वाचित

अफ़ग़ानिस्तान के स्वतंत्र चुनाव आयोग ने देश में इस शनिवार को होनेवाला दूसरे दौर का राष्ट्रपति चुनाव रद्द कर हामिद करज़ई को निर्वाचित राष्ट्रपति घोषित कर दिया है.
अफ़ग़ानिस्तान के स्वतंत्र चुनाव आयोग के अध्यक्ष अज़ीज़ुल्ला लुदिन ने काबुल में एक संवाददाता सम्मेलन में चुनाव रद्द होने और करज़ई के निर्वाचन की घोषणा की.
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा,"हम ये घोषणा करते हैं कि हामिद करज़ई जिन्होंने पहले दौरे के चुनाव में अधिक वोट हासिल किए और जो अब दूसरे दौर के चुनाव में एकमात्र प्रत्याशी हैं, वे अफ़ग़ानिस्तान के निर्वाचित राष्ट्रपति होंगे".
चुनाव आयोग ने ये घोषणा हामिद करज़ई के विरोधी अब्दुल्ला अब्दुल्ला के चुनाव से हटने की घोषणा के एक दिन बाद की है.
अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने आयोग के महत्वपूर्ण चुनाव अधिकारियों को हटाए जाने की माँग की थी और उन्होंने कहा कि वे इसलिए चुनाव से हट रहे हैं क्योंकि वे नहीं समझते निष्पक्षता से करवाया जा सकेगा.
अफ़ग़ानिस्तान में पहले दौर का चुनाव 20 अगस्त को हुआ था और प्रारंभिक मतगणना में हामिद करज़ई को जीतता हुआ समझा जा रहा था.
लेकिन बाद में जाँच में चुनाव में व्यापक धाँधली के आरोपों को सही पाया गया जिसके बाद पहले दौर के चुनाव में कोई फ़ैसला नहीं हो पाया और तब दूसरे दौर के चुनाव की नौबत आई.
अफ़ग़ानिस्तान में दूसरे दौर के चुनाव के रद्द होने की ख़बर ऐसे समय आई है जब संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून काबुल का दौरा कर रहे हैं और उन्होंने वहाँ अफ़ग़ान नेताओं से मुलाक़ात की है.
बान की मून ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में हो रहा चुनाव ऐसे सबसे कठिन चुनावों में से एक है जिसे संयुक्त राष्ट्र ने सहयोग दिया हो.


Click it and Unblock the Notifications