कोड़ा से पूछताछ, तीसरे दिन भी छापेमारी जारी (लीड-1)
आयकर विभाग ने कैमरे के समक्ष कोड़ा से इसलिए पूछताछ किए ताकि सबूत के तौर पर रिकार्ड किए गए वीडियो टेप को जरूरत पड़ने पर दिखाया जा सके। सूत्रों के मुताबिक कोड़ा ने इस पूछताछ के दौरान विभिन्न स्थानों पर किए निवेशों, इसके लिए इस्तेमाल किए गए नेटवर्को तथा इसमें शामिल लोगों की जानकारी दी।
आयकर विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को आठ विभिन्न शहरों में कोड़ा और उनके सहयोगियों के 70 ठिकानों पर छापे मारे थे। यह अभियान रविवार और सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार को आठ नए ठिकानों पर छापेमारी की गई।
सूत्रों का कहना है कि कोड़ा के दो सहयोगियों विनोद सिन्हा और संजय चौधरी द्वारा किए गए निवेश से संबंधित दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया है। अनुमान है कि यह छापेमारी अभियान अगले कुछ और दिनों तक जारी रहेगा।
विभाग ने कोड़ा के आवास से एक लैपटॉप, हार्ड डिस्क और कुछ अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं। अंडमान में एक रिसार्ट से उनके संबंधों की भी जांच की जा रही है। अब तक 70 बैंक खातों को बंद किया जा चुका है। सिन्हा और चौधरी के बैंक खातों को भी बंद करने की प्रकिया आरंभ हो चुकी है।
सूत्रों का कहना है कि छापेमारी के दौरान दो करोड़ रुपये के जेवरात, 2.7 करोड़ नकदी और निवेश संबंधी कई दस्तावेज मिले हैं।
विभाग मुंबई में छापेमारी पर विशेष ध्यान दे रहा है। आयकर विभाग के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि हवाला के माध्यम से 2500 करोड़ रुपये विदेशों में भेजे गए हैं। विभाग को ऐसे दस्तावेज भी मिले हैं जिससे पता चलता है कि हवाला के जरिए दुबई, थाइलैंड, मलेशिया और अफ्रीकी देशों में 550 करोड़ रुपये भेजे गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications