सेवा निर्यात में वर्ष के अंत तक सुधार: फिक्की
इस वर्ष जनवरी-मार्च में सेवा क्षेत्र के निर्यात में सात प्रतिशत और उसके बाद की तिमाही में तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2008 में समान अवधियों में सेवा क्षेत्र निर्यात में 14 और 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी।
फिक्की की रिपोर्ट के अनुसार बीमा और वित्तीय सेवाओं को छोड़कर सेवा निर्यात के हर क्षेत्र में जनवरी 2009 से गिरावट दर्ज की गई। फिक्की अध्यक्ष हर्षपति सिंघानिया ने कहा कि इससे वर्ष 2007-08 में सेवा निर्यात में 22 प्रतिशत की वृद्धि की तुलना में इस वर्ष केवल 12.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2009 की पहली छमाही में साफ्टवेयर सेवाओं के निर्यात में 14 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। पर्यटकों की संख्या में आई गिरावट के कारण जनवरी-मार्च में यात्रा व्यापार से होने वाली आय में 26 प्रतिशत और उसके बाद की तिमाही में नौ प्रतिशत की गिरावट हुई।
फिक्की की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2008-09 की पहली छमाही में पर्यटकों की संख्या में 9.5 प्रतिशत और वर्तमान वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 1.8 प्रतिशत की कमी आई।
संचार और व्यापार शिविरों, प्रबंधन सलाह सहित पेशेवर सेवाओं, वास्तु, इंजीनियरिंग, तकनीकी और अन्य व्यापारिक सेवाओं जैसे बड़े सेवा क्षेत्रों में चार से लेकर 53 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।