उत्तरी पाकिस्तान में 21 लोग हिंसा का शिकार

उत्तरी पाकिस्तान में ताज़ा हिंसा की घटनाओं में कम से कम 21 लोग मारे गए हैं.
राजधानी इस्लामाबाद के दक्षिण-पश्चिम में वायुसेना के एक ठिकाने के क़रीब एक आत्मघाती हमले में कम से कम छह लोगों की जानें गईं.
पेशावर में एक कारबम हमले में कम से कम 15 लोग घायल हुए. निकट के दक्षिण वज़ीरिस्तान इलाक़े में सैन्य कार्रवाइयों के बाद यह पहला हमला है.
बाद में एक बारात ले जा रही मिनी बस के बारूदी सुरंग के ऊपर से गुज़र जाने से कम से कम 15 बाराती मारे गए.
यह घटना उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े मोहमंद में हूई है.
इस्लामाबाद से बीबीसी संवाददाता हारून रशीद के मुताबिक शुक्रवार की सुबह ही इस्लामाबाद से कुछ 60 किलोमीटर के फासले पर स्थित इस एयरबेस के पास यह हमला हुआ है.
जिस जगह यह एयरबेस स्थित है वो कामरा कस्बे का क्षेत्र है. यह अटोक ज़िले में आता है. अटोल के डीपीओ फ़खर सुल्तान ने हमले के बारे में पत्रकारों को बताया कि यह एक आत्मघाती हमला था.
पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है. दो सुरक्षाकर्मियों और पांच नागरिकों के शव बरामद किए गए हैं. एक शव हमलावर का माना जा रहा है. हमलावर कम उम्र का लड़का है और उसका सिर बरामद कर लिया गया है.
बताया जा रहा है कि हमलावर ने इस एयरबेस और एरोनॉटिक कॉम्पलेक्स में दाखिल होने की कोशिश की. इसके बाद उसने खुद को धमाके से उड़ा दिया जिससे कुछ और लोग भी उसकी चपेट में आ गए.
पेशावर में हुए हमले के बारे में जानकारी देते हुए एआईजी (बम निरोधक दस्ता) शफ़कत मलिक ने कहा कि सभी नमूने इकट्ठा करने के बाद इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि हमला रिमोट कंट्रोल की मदद से किया गया है.
सेना के अनुसार जब से इस क्षेत्र में हमले शुरू हुए हैं, हज़ारों नागरिक यहाँ से पलायन कर गए हैं.
पाकिस्तान में इस महीने हुए चरमपंथी हमलों में 180 से अधिक लोगों की जानें गई हैं.


Click it and Unblock the Notifications