तालेबान के ख़िलाफ़ पाक सैन्य अभियान

हफ़ीज़ चाचड़
बीबीसी हिंदी संवाददाता, इस्लामाबाद
पाकिस्तानी सेना ने क़बायली इलाक़े दक्षिण वज़ीरिस्तान में तालेबान लड़ाकों के ख़िलाफ़ ज़मीनी कार्रवाई शुरु कर दी है. सैन्य अभियान से पहले इस इलाक़े में करफ्यू लागू कर दिया गया है.
क़बायली इलाकों के सुरक्षा सचिव तारिक़ हयात ख़ान ने बीबीसी से बात करते हुए सैन्य अभियान की पुष्टि कर दी है.
उन्हों ने बताया, “सेना ने दक्षिण वज़ीरिस्तान में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ ज़मीनी कार्रवाई शुरु कर दी है लेकिन विस्तार से इसकी जानकारी सेना की दे सकती है.”
सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास से संपर्क नहीं हो सका है लेकिन सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि सेना ने वज़ीरिस्तान के इलाक़े रज़मक, जंडोला और वाना के इलाक़े शकई में महसूद इलाक़ों की तरफ़ अभियान शुरु कर दिया है.
तीस हज़ार सैनिक
पेशावर से प्राप्त समाचार के अनुसार तीस हज़ार के क़रीब सैनिक तालेबान के ख़िलाफ़ इस अभियान में हिस्सा ले रहे हैं जिन्हें टैंकों और वायुसेना की मदद हासिल है. पर वायुसेना को अभी इस्तेमाल नहीं किया गया है.
वज़ीरिस्तान में सैन्य कार्रवाई का फ़ैसला गत्त रात प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया था जिसमें सेनाध्यक्ष जनरल अशफाक़ परवेज़ कियानी ने बैठक को अभियान के बारे में विवरण दिया था.
इस बैठक में आईएसआई के प्रमुख अहमद शुजा पाशा, मंत्रियों, विपक्ष के नेताओं और वरिष्ट अधिकारियों ने भाग लिया था.
बैठक के कुछ घंटों बाद सेना ने वज़ीरिस्तान में ज़मीनी कार्रवाई शुरु कर दी थी.
इस दौरान ये ख़बरें हैं कि सेना के दो विभिन्न क़ाफ़लों पर बम हमले हुए हैं जिसमें तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं और तीन के क़रीब घायल भी हुए हैं. पहला हमला जंडोला और दूसरा रज़मक के इलाक़े में किया गया जहाँ सैन्य अभियान चल रहा है.


Click it and Unblock the Notifications