राहुल की रैली में किसान विधवाओं का प्रदर्शन
नागपुर। पूर्वी महाराष्ट्र के यवतमाल में शुक्रवार को आयोजित कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की पहली चुनावी रैली के दौरान रैली स्थल के पास 200 से अधिक किसान विधवाओं ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। मुंह पर सफेद पट्टी बांधी विधवाओं को मंच से दूर कर दिया गया।
विदर्भ जन आंदोलन समिति (वीजेएएस) के अध्यक्ष किशोर तिवारी ने कहा कि बाद में सुरक्षा कर्मियों और कुछ कांग्रेसी नेताओं ने दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को राहुल से मिलने की अनुमति दी।
राहुल गांधी को ज्ञापन दिया
वणी से वीजेएएस की उम्मीदवार बेबीताई बैस और शांताबाई वाघमारे ने हेलीपैड के पास गांधी से मुलाकात की और किसानों की 7,000 से अधिक विधवाओं और कोई 30,000 अनाथों के संकट के बारे में उन्हें जानकारी दी।
दोनों ने राहुल गांधी को एक ज्ञापन दिया, जिसमें सभी विधवाओं को पेंशन, उनके पतियों के जमीन पर उन्हें मालिकाना अधिकार, विधवाओं और उनके परिवार के लिए अनाज, बच्चों के लिए मुफ्त उच्च शिक्षा और विधवाओं की बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications