बाजार में आए 'लादेन' और 'कसाब' बम

पटना के पटाखा बाजार के एक दुकानदार राजीव का कहना है कि इस वर्ष दीपावली के मौके पर बच्चों को लुभाने के लिए कई तरह की बंदूकें और पटाखे उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे सबसे अधिक 'कसाब' और 'लादेन' बम और फूलझड़ियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। राजीव ने बताया कि इस वर्ष पटाखों और बंदूक के मूल्यों में 10 से 15 प्रतिशत का इजाफा हुआ है लेकिन ब्रिकी पर इसका असर नहीं देखा जा रहा है।
लेबल पर नामों के प्रति रुझान बढ़ा
पटना सिटी के पटाखा बाजार के थोक विक्रेता ब्रजेश कुमार बताते हैं कि बाजार अभी से ही रौनक देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में लेबल के नाम पर बच्चों का रूझान ज्यादा बढ़ा है। इस कारण उन्हें लुभाने के लिए पटाखों और बंदूकों को अलग-अलग नामों से बाजारों में उतारा जा रहा है।ब्रजेश बताते हैं कि इस वर्ष बाजार में 'कसाब बंदूक', 'मंगल पांडेय बंदूक', 'सरफरोश गन', 'लादेन बम' धूम मचाए हुए है।
नालंदा के खुदरा पटाखा व्यापारी नरेश कुमार ने कहा कि बच्चों को लुभाने के लिए कंपनी प्रत्येक वर्ष अलग-अलग चर्चित नामों के 'बंदूक' और 'बम' बाजार में उतारते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे नामों के पटाखों की ब्रिकी अधिक होती है। बाजार में ऐसे पटाखों की कीमत 18 रुपये से लेकर 200 रुपये तक होती है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में पिछले वर्ष दीपावली के मौके पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी और तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के नाम के पटाखे और फुलझड़ियां बड़ी संख्या में बाजार में उतारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications