राज ठाकरे को 'चूहा' और 'मेढ़क' कहा

मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने हाल में अपने होम टाउन नांदेड़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के मुखिया राज ठाकरे को 'मेंढक' कहा। तो शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ने राज की तुलना 'कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के लिए कमिशन पर काम करने वाले ठेकेदार' से की।
बदले में राज ने उद्धव को 'अतिया बिलावर नागोबा' कहा। इस मराठी मुहावरे के अनुसार- सांप हमेशा बने-बनाए घर में रहता है, घर बनाने के लिए मेहनत नहीं करता। राज का इशारा उद्धव को बाल ठाकरे से विरासत में मिले शिवसेना नेतृत्व की ओर था।
उद्धव इस बात से भड़के कि राज ने शिवसेना-बीजेपी गठबंधन की आलोचना की थी, लेकिन कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बारे में चुप रहे। उन्होंने कहा कि राज इस डर से चुप रहे कि सत्ताधारी गठबंधन की आलोचना की तो चूहे की तरह सलाखों के पीछे बंद कर दिए जाएंगे। इस जबानी जंग में 83 साल के सीनियर ठाकरे, बाला साहेब भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने तो अपने भतीजे राज को 'महाराष्ट्र का जिन्ना, जो कांग्रेस के इशारे पर मराठी लोगों को बांटना चाहता है' करार दिया।
राज का मजाक उड़ाते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह सुपरमैन नहीं, 'सुपारीमैन' हैं, जिसने कांग्रेस-एनसीपी की ओर से 'सुपारी' ली है। कांग्रेस के सीनियर नेता विलासराव देशमुख ने राज और उद्धव की जबानी जंग पर कहा कि दोनों अपनी लड़ाई में इतने मशगूल हैं कि उनके पास लोगों की समस्या के लिए वक्त ही नहीं है। इससे मराठी जनता को घुटन महसूस हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications