करोड़ों रुपयों का घी व वनस्पति जब्त
शाजापुर, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में घी और मिलावटी सामग्री बनाने वालों के खिलाफ जारी मुहिम के तहत शाजापुर जिले में अब तक की सबसे बडी कार्रवाई में साढ़े सात करोड़ रुपये का घी और वनस्पति जब्त किया गया है। पुलिस तथा अन्य विभागों की संयुक्त कार्रवाई के बाद निर्माता के खिलाफ सात प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार शाजापुर के मक्सी इलाके में स्थित मनोरमा फूड प्रोडक्ट कम्पनी के संबंध में जिला प्रशासन को लगातर शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर कई विभागों की संयुक्त टीम ने मंगलवार को दबिश दी।
अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) डी़ सी़ संघी ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि 'मनोरमा फूड प्रोडक्ट' कम्पनी में दी गई दबिश में लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये का घी, वनस्पति, सोया रिफाइंड आदि जब्त किया गया है। विभिन्न खाद्य पदार्थो के 20 नमूने लिए गए है जिनकी जांच होगी। इसके अलावा कम्पनी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। यह कार्रवाई मंगलवार की देर रात तक चली।
जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए संयुक्त कार्रवाई दल में स्वास्थ्य, नागरिक आपूर्ति, नाप तौल, औषधि नियंत्रण के अलावा पुलिस महकमे को शामिल किया गया था।
कम्पनी द्वारा उत्पादित सामग्री गुजरात, राजस्थान सहित देश के अन्य हिस्सों में बेची जाती थी। संघी के मुताबिक नमूनों की जांच रिपोर्टे आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जब्त माल सील कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications