असम में स्थिति सामान्य, सेना का गश्त जारी

सोनितपुर जिले के भीमाजुली गांव में प्रतिबंधित संगठन नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के आठ से 10 सशस्त्र आतंकवादियों ने रविवार शाम करीब 7.30 बजे अंधाधुंध गोलियां बरसाकर 12 लोगों को मौत की नींद सुला दिया था। मृतकों में चार महिलाएं और बच्चे भी थे। हमले में 13 लोग घायल भी हो गए थे।
हमले के बाद तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सोमवार को क्षेत्र में सेना के जवान तैनात कर दिए गए थे। हमले के विरोध में सोमवार को स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए थे।
हमले के विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर पथराव किया और राज्य के पुलिस प्रमुख शंकर बरुआ के काफिले पर भी हमला बोला। पुलिस को लोगों को तितर बितर करने के लिए हवा में गोलियां चलानी पड़ीं थीं। इसी क्रम में दो व्यक्ति घायल भी हो गए थे।
असम के स्वास्थ्य मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता हिमंता बिश्व शर्मा ने आईएएनएस से कहा, "सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती से क्षेत्र में स्थिति को सामान्य बनाने में काफी हद तक मदद मिली है।" शर्मा ने कहा कि मंगलवार को भी सेना के जवान क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications