आतंकवादियों ने ग्रामीणों को गोलियों से भूना

मृतकों में चार महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सेना के जवानों और पुलिस कमांडो ने इलाके में आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रतिबंधित संगठन नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट आफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के करीब दर्जन भर सशस्त्र आतंकवादियों ने भीमाजुली गांव में हमला कर दिया।
असम के मत्स्यपालन मंत्री नुरजामल सरकार ने कहा कि करीब 10 आतंकवादियों ने आटोमेटिक हथियार से ग्रामीणों पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से छह से सात की हालत गंभीर बताई गई है।
आतंकवादी दो-तीन किलोमीटर के दायरे में करीब एक घंटे तक गोलीबारी करते रहे। उस वक्त उनके सामने जो भी आए वे मारे गए।
हमले के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आतंकवादियों ने यहां के व्यापारियों से धन की मांग की थी जिसे स्थानीय लोगों ने पूरा नहीं किया। संभव है कि यह हमला उसी की प्रतिक्रिया में हुई हो।
प्रतिबंधित संगठन एनडीएफबी बोडो जनजाति के लिए अलग देश की मांग करता रहा है। असम में पिछले दो दशक से जारी हिंसा में अब तक 10,000 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications