रात्रि भोज पर मिले कृष्णा व कुरैशी (लीड-3)
रात्रि भोज के दौरान कृष्णा व कुरैशी एक-दूसरे से गर्मजोशी के साथ मिलते हुए और बातचीत करते हुए दिखाई दिए थे।
श्रीलंका के विदेश मंत्री रोहिता बोगोलागामा द्वारा दक्षेस के मंत्रियों के लिए आयोजित रात्रि भोज के दौरान भारतीय विदेश सचिव निरूपमा राव भी उपस्थित थीं।
बताया गया है कि भारतीय विदेश सचिव राव और पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर के बीच शनिवार को मुंबई हमले के आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने और मामले की जांच पूरी करने के मुद्दे पर चर्चा हुई।
एक अधिकारी ने कहा, "जांच को एक संतोषजनक अंत प्रदान करने की जरूरत है।"
भारत और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की रविवार को न्यूयार्क में होने वाली महत्वपूर्ण वार्ता में मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमले और सीमा पार आतंकवाद से जुड़े अन्य मुद्दे प्रभावी रहने की उम्मीद है।
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा के पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से मुंबई हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तेज और सख्त कार्रवाई करने के लिए कहने की आशा है।
इससे पहले विदेश मंत्रियों के बीच होने वाली महत्वपूर्ण मुलाकात की जमीन तैयार करने के लिए विदेश सचिव निरुपमा राव और उनके पाकिस्तानी समकक्ष सलमान बशीर शनिवार को न्यूयार्क के रुजवेल्ट होटल में मिले। जुलाई में मिस्र के शर्म-अल शेख में प्रधानमंत्रियों की मुलाकात के बाद दोनों देशों के उच्चाधिकारियों की यह पहली मुलाकात थी।
निरुपमा राव और बशीर की बैठक 45 मिनट की देरी से शुरू हुई। बैठक में मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले की जांच में हो रही प्रगति और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादी हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई पर चर्चा की गई।
इससे पहले भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव ने पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर के साथ दो घंटे चली वार्ता के बाद कहा कि दोनों पक्षों ने विचारों का उपयोगी आदान-प्रदान किया।
भारतीय पक्ष ने मुंबई हमले की जांच को पूरा करने और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया क्योंकि हमले का षड्यंत्र पाकिस्तान में रचा गया।
बशीर ने भी वार्ता को उपयोगी बताते हुए कहा कि नई दिल्ली को केवल एक मामले में कार्रवाई को लेकर संबंधों में सुधार को पीछे नहीं धकेलना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications