थरुर ने सोनिया को दी सफाई

लाइबेरिया और घाना यात्रा से मंगलवार को लौटने के तत्काल बाद थरूर ने सोनिया गांधी से मुलाकात की। इसके बाद थरूर ने वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी से भी मुलाकात की। सोनिया और प्रणव से मुलाकात के बाद थरूर ने मीडिया से कोई बात नहीं की।
पिछले सप्ताह सोशल नेटवर्किग साइट ट्विटर पर थरूर की इस टिप्पणी की पार्टी ने निंदा की थी और विपक्ष के साथ ही कांग्रेस के कई नेताओं ने उनके इस्तीफे की मांग की थी। इसे देखते हुए सोनिया गांधी से उनकी मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उनके मंत्रिमंडल में बने रहने का निर्णय काफी कुछ सोनिया और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निर्भर है।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने थरूर से मजाक में भी ऐसा कोई बयान या कदम न उठाने को कहा है, जिससे लोगों की भावना आहत हो। हालांकि इन दोनों नेताओं से भेंट के बाद थरूर का चेहरा उतरा हुआ था और वे मीडियाकर्मियों से बात किए बिना चले गए।
गौरतलब है कि थरूर के बयान को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने निंदा की थी। जबकि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तो उनके इस्तीफे की मांग तक कर डाली थी। हालांकि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विवाद ठंडा करने की कोशिश करते हुए बयान को महज एक मजाक करार दिया था। थरूर पहले ही इस मामले में माफी मांग चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications