घाटीः घुसपैठ की फिराक में 300 आतंकी

टोलियों में घूम रहे आतंकी
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि नियंत्रण रेखा के पास आतंकियों को टोलियों में एक-जगह से दूसरी जगह घूमते देखा गया है। इस तरह वे उन स्थानों का पता लगा रहे हैं जहां से जम्मू कश्मीर में घुसपैठ संभव हो सके। सूत्रों ने बताया कि जाड़े में बर्फ गिरने से पहाड़ी इलाकों में हालात मुश्किल होने से पहले ज्यादा से ज्यादा आतंकवादियों की घुसपैठ कराने की कोशिश की जा रही है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस प्रमुखों के सम्मेलन में मंगलवार को कहा था कि नियंत्रण रेखा के पार से घुसपैठ की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि घुसपैठ की कोशिशों और सशस्त्र उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ की घटनाओं में हाल के हफ्तों और महीनों में इजाफा हुआ है।
मकानों को बनाया ठिकाना
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि करीब 300 आतंकवादी नियंत्रण रेखा के नजदीक वाली तकरीबन 30 जगहों पर मौजूद हैं। इसमें से ज्यादातर जगहें पीओके में हैं। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने मकानों में शिविर लगा रखे हैं। भारतीय सुरक्षाबलों ने इन शिविरों की स्पष्ट पहचान की है। इनमें से ज्यादातर आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा, अल बद्र और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हैं। सूत्रों ने जम्मू कश्मीर में सक्रिय 600 आतंकियों के बारे में भी जानकारी दी। इनमें से 150 आतंकी विदेशी धरती से संचालित संगठनों के हैं।












Click it and Unblock the Notifications