एयर इंडिया को अतिरिक्त पूंजी देने पर जल्द विचार
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने बुधवार को बताया कि एयरलाइन में 5,000 करोड़ रुपये लगाने के प्रस्ताव पर उनका मंत्रालय जल्द ही मंत्रिमंडल की मंजूरी हासिल करने का प्रयास करेगा।
"फाउंडेशन फार एविएशन एंड सस्टेनेबल टूरिज्म" द्वारा आयोजित सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए पटेल ने कहा," हमें उम्मीद है कि जल्द ही होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में पूंजी लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी।"
उन्होंने कहा,"हम एयरलाइन की परिचालन लागत भी कम करने पर विचार कर रहे हैं। हम एयरलाइन के कर्जे घटाने के लिए विभिन्न बैंकों से भी बात कर रहे हैं।"
पटेल ने 13 अगस्त को मंत्रिमंडल में एयरइंडिया में पूंजी निवेश करने और ऊंचे ब्याज दर वाले कर्ज में छूट देने का प्रस्ताव रखा था।
मौजूदा समय में एयर इंडिया का कर्ज 16,500 करोड़ रुपये है। वित्तीय वर्ष 2008-2009 में एयरलाइन्स का घाटा 7,200 करोड़ रुपये रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications