हथियार छोड़ेगा असम का विद्रोही गुट

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि 'ब्लैक विडो' के नाम से मशहूर इस गुट के 350 सदस्यों ने समर्पण करने और शांति प्रक्रिया में शामिल होने का फैसला किया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (खुफिया) खगेन शर्मा ने कहा, "ब्लैक विडो के 193 आतंकवादियों द्वारा पहले ही हथियार डाल देने के साथ ही यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सोमवार तक 157 और आतंकवादियों के आत्समर्पण करने की उम्मीद है। "
दक्षिणी असम के उत्तरी कछार पहाड़ी जिले में सक्रिय ब्लैक विडो आतंकवादियों का जबर्दस्त आतंक है और इस गुट ने इस साल अब तक करीब 100 लोगों की हत्या की है और यात्री गाड़ियों पर हमले भी किए हैं। आतंकी हमले की आशंका के कारण यहां महीनो रेल सेवाएं बाधित रहीं।
शर्मा ने कहा, "करीब 350 आतंकवादियों को कुछ तय शिविरों में रखा जाएगा।" 22 सितंबर को असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की अमेरिका से वापसी के बाद औपचारिक आत्मसमर्पण समारोह आयोजित किए जाने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications