भाजपाः आडवाणी, राजनाथ का जाना तय

पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावेडकर ने कहा कि राजनाथ सिंह को दूसरा कार्यकाल नहीं मिलेगा क्योंकि पार्टी विधान इसकी अनुमति नहीं देता। जावड़ेकर ने यहां सीधे कहा, "नहीं, हमारे यहां केवल एक कार्यकाल दिया जाता है। इसलिए किसी के मन में इस बारे में कोई संदेह नहीं रहना चाहिए। हर तीन साल बाद नए अध्यक्ष को चुनने के लिए चुनाव होता है"।
राजनाथ का कार्यकाल इस साल दिसंबर में समाप्त हो रहा है। पार्टी विधान के अनुसार अध्यक्ष तीन साल के लिए चुना जाता है और वह लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए निर्वाचित नहीं किया जा सकता है।
हालांकि जावेडकर ने विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी का राजनीति से अवकाश लेने की अटकलों को खारिज किया है लेकिन उनका जाना तय माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार संघ प्रमुख मोहन भागवत से हुई मुलाकात के बाद आडवाणी नेतृत्व में बदलाव कर युवा नेतृत्व को आगे लाने के लिए तैयार हो गए हैं।
इस बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अरुण जेटली, एम वेंकैया नायडू, सुषमा स्वराज और अनंत कुमार में से किसी एक को अगला अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना से इंकार कर दिया है। संघ किसी ऐसे व्यक्ति को इस पद पर बैठाना चाहता है जिसे राजनाथ या आडवाणी खेमे के व्यक्ति के रूप में नहीं देखा जाता हो।












Click it and Unblock the Notifications