दक्षिण एशिया आतंक निरोधी कार्य बल के प्रस्ताव को अमेरिका का समर्थन
ढाका, 7 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण एशियाई मामलों के अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री रिचर्ड बाउचर ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के उस विचार का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने दक्षिण एशिया में एक आतंक निरोधी कार्य बल के गठन का प्रस्ताव किया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक बाउचर ने शनिवार को बांग्लादेश के घरेलू मामलों की मंत्री सहारा खातून व गृह राज्य मंत्री सोहेल ताज से मुलाकात के बाद संवाददाताओं को बताया, "मुझे लगता है कि यह एक बहुत ही रोचक विचार है।"
बाउचर शनिवार को यहां पहुंचे।
उन्होंने कहा कि चूंकि आतंकवादी गतिविधियां सीमा के आर-पार जारी हैं, लिहाजा अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को संगठित होकर आपस में एक-दूसरे को सहयोग करना चाहिए।
बाउचर ने कहा कि अमेरिका देखेगा कि इस क्षेत्र के अन्य देश इस प्रस्ताव पर किस तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि जरूरी हुआ तो अमेरिका इसके लिए समर्थन जुटाने हेतु आगे आएगा।
बांग्लादेश की अपनी यात्रा के बारे में बाउचर ने कहा कि वह यहां की जनता को 29 दिसंबर के चुनाव के लिए बधाई देने तथा नई सरकार के साथ आपसी सहयोग पर बातचीत करने हेतु आए हुए हैं।
बाउचर, प्रधानमंत्री हसीना व विदेश मंत्री दीपू मोनी से रविवार की शाम मुलाकात करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications