आस्ट्रेलिया में जंगली आग में मृतकों की संख्या 84 हुई (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक शनिवार को लगी यह आग देश के इतिहास की अपने तरह की सबसे बुरी घटना है। इसने वर्ष 1939 के ब्लैक फ्राइडे व 1983 के ब्लैक वेडनेसडे को भी पीछे छोड़ दिया है। अग्निकांड की इन दोनों घटनाओं में क्रमश: 71 व 75 व्यक्ति मारे गए थे।
इस अग्निकांड में 750 घर खाक हो चुके हैं। 200,000 हेक्टेयर का जंगली क्षेत्र हरे रंग से बदल कर पूरी तरह काला हो गया है। किंगलेक शहर में फैली आग से 55 लोग मारे जा चुके हैं।
विक्टोरिया राज्य में सबसे बड़ा अस्पताल मेलबर्न का अल्फ्रेड हॉस्पीटल बुरी तरह जले लोगों का इलाज कर पाने में अपने आप को अक्षम पा रहा है।
आस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन के मुताबिक इस दौरान राज्य में 640 घर नष्ट हो गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक किंगलेक में छह, किंगलेक पश्चिम में छह, और सेंट एंड्रज व वानडॉंग में चार-चार व्यक्तियों के शव मिले हैं।
इससे पहले द आस्ट्रेलियन एसोसिएटेड प्रेस ने जानकारी दी थी कि कैलीग्नी के गिप्पस्लैंड कस्बे में चार, ऊपरी कैलीग्नी में एक, हैजलवुड में तीन और जीरालांग में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
रिपोर्ट में विक्टोरिया के पुलिस आयुक्त क्रिस्टीन निक्सॉन के हवाले से कहा गया है, "हम और मौतों का अनुमान लगा रहे हैं।"
प्रधानमंत्री केविन रुड ने राज्य प्रशासन के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा किया तथा राज्य व केंद्र सरकार की ओर से पीड़ितों के लिए 65 लाख अमेरिकी डॉलर की आपात सहायता की घोषणा की।
रुड ने कहा, "यह विक्टोरिया के लिए भयावह त्रासदी है, साथ ही यह पूरे देश के लिए भी भयानक त्रासदी है।"
रविवार को विक्टोरिया में 20 से अधिक इलाकों से आग की लपटें उठ रही थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications