डेरा प्रमुख से पंजाब पुलिस ने की पूछताछ
सिरसा (हरियाणा), 7 फरवरी (आईएएनएस)। सिखों के 10वें गुरु गोविंद सिंह जैसी पोशाक पहनकर सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं के ठेस पहुंचाने के मामले में पंजाब पुलिस ने शनिवार को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह से पूछताछ की।
यहां पुलिस लाइंस में कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस ने डेरा प्रमुख से पूछताछ की। डेरा प्रमुख के हजारों समर्थक इस दौरान पुलिस लाइंस के बाहर जमा हो गए। भीड़ पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
भटिंडा के उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस का एक दल चंडीगढ़ से यहां पहुंचा। डेरा प्रमुख के खिलाफ मामला भटिंडा में दर्ज है।
पंजाब पुलिस ने शनिवार की पूछताछ के संबंध में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उधर डेरा सूत्रों के अनुसार पुलिस ने विवादास्पद पहनावे को लेकर कई सवाल पूछे।
डेरा प्रमुख से इस मामले में पंजाब पुलिस अब तक दर्जन से भी अधिक बार पूछताछ कर चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications