मध्य प्रदेश में 1 रुपये में जुड़ेगी जिंदगी की डोर
मुस्लिम समाज के गरीब परिवारों को निकाह के इंतजाम के लिए परेशान न होना पड़े इसके लिए 42 युवाओं ने 'इज्तेमाई शादी कमेटी' बनाई है। इन लोगों ने तय किया है कि उनकी इस कमेटी में कोई पदाधिकारी नहीं होगा ।
इस कमेटी ने आगामी पांच अप्रैल को 25 जोड़ों का निकाह रचाने का फैसला किया है। इसके लिए लड़के और लड़की को एक-एक रुपये में शादी के लिए पंजीकरण कराना होगा। साथ ही अपनी माली हालत की जानकारी भी देनी होगी। अब तक कमेटी के पास निकाह के 50 आवेदन आ चुके हैं।
आयोजकों की ओर से नवविवाहित जोड़े को 42 बर्तन, पलंग तथा चांदी के जेवरात दिए जाएंगे। साथ ही दोनों पक्षों को 50-50 कार्ड दिए जाएंगे जो वे अपने रिश्तेदारों को बांटकर दावत के लिए उन्हें आमंत्रित कर सकेंगे।
देवास के काजी सलीमुद्दीन फारूकी कहते हैं कि यह एक अच्छी पहल है जो गरीबों के लिए मददगार साबित होगी। उनकी इच्छा है कि हर जगह इस तरह के आयोजन हों ताकि गरीबों के लिए निकाह बोझ न रहे। 42 युवाओं के इस प्रयास से मात्र एक रुपये में ही निकाह हो जाएगा।
इस आयोजन से संबंधित होर्डिंग और बैनर शहर में लगाए गए हैं लेकिन किसी में भी आयोजन से जुड़े लोगों के नामों का जिक्र नहीं है। आयोजक कहते हैं कि वे यह काम प्रचार पाने के लिए नहीं बल्कि सामाजिक उत्थान के लिए कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications