गिलानी के लिए मुंबई हमले की जांच रिपोर्ट तैयार (लीड-2)
रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के कानून मंत्रालय व गृह मंत्रालय ने संघीय जांच एजेंसी द्वारा की गई जांच के निष्कर्षो की समीक्षा कर ली है।
रिपोर्ट के अनुसार, अब यह जांच रिपोर्ट प्रधानमंत्री के पास भेजी जाएगी। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री इस रिपोर्ट को पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायुक्त सत्यब्रत पाल को सौंपेंगे
दूसरी ओर पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने मुंबई हमले के लिए एक बार फिर अराजक ताकतों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि वे उन्हें अपना एजेंडा लागू करने और उपमहाद्वीप की विदेश नीति फिर से तय करने की इजाजत नहीं देंगे।
समाचार चैनल 'डान' ने शनिवार को जरदारी के हवाले से कहा कि मुंबई हमले के लिए अराजक ताकतें जिम्मेदार हैं और वे अपना एजेंडा लागू करने के साथ ही भारत और पाकिस्तान की विदेश नीति को भी निर्धारित करना चाहती हैं। लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी।
जरदारी ने उत्तर पश्चिम सीमा प्रांत की राजधानी पेशावर में शुक्रवार रात एक समारोह में यह बात कही।
इधर भारत की ओर से शनिवार को पाकिस्तान से फिर कहा गया कि वह मुंबई हमले की जांच के संबंध में किए गए अपने वादे को पूरा करे।
विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि सभी को मालूम है कि मुंबई पर हमले में कौन संगठन शामिल था। पाकिस्तान को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के अपने वादे को पूरा करना चाहिए।
शर्मा ने कहा कि एक राष्ट्र राज्य के रूप में अंतर्राष्ट्रीय कानून के अनुसार पाकिस्तान को अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। इसमें टालमटोल से पाकिस्तान की साख को और नुकसान होगा।
मुंबई हमलों के संबंध में पाकिस्तान की जांच रिपोर्ट का वहां के गृह मंत्रालय द्वारा समीक्षा किए जाने के समाचारों के बीच शर्मा ने यह टिप्पणी की।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने भी शनिवार को कहा कि मुंबई हमले के संबंध में पाकिस्तान को भेजे गए दस्तावेजों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं हासिल हुई है। लेकिन भारत को अब भी पाक के जवाब का इंतजार है।
मुखर्जी ने संवाददाताओं से कहा, "मुझे अब तक इस्लामाबाद से कोई आधिकारिक सूचना नहीं हासिल हुई है।"
कोलकाता रेलवे स्टेशन पर मुर्शिदाबाद एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद मुखर्जी ने संवाददाताओं से कहा कि जब तक मुझे कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिल जाती, मेरे लिए इस पर टिप्पणी करना कठिन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications