मीडिया के लिए राहत पैकेज घोषित करेगी सरकार
सूचना व प्रसारण राज्य मंत्री आनंद शर्मा ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया, "मीडिया उद्योग के लोगों ने मीडिया पर पड़ रहे वित्तीय संकट के विपरीत प्रभाव के बारे में सरकार को लिखा था और मुझसे मुलाकात की थी। लिहाजा हम मीडिया उद्योग के लिए कुछ राहत पैकेज घोषित करने वाले हैं और हमें उम्मीद है कि इससे स्थितियों में काफी सुधार आएगा।"
ज्ञात हो कि हिंदुस्तान टाइम्स समूह की अध्यक्ष व संपादकीय निदेशक शोभना भरतिया, इंडियन एक्सप्रेस के प्रधान संपादक शेखर गुप्ता तथा बिजनेस स्टैंडर्ड के प्रकाशक संपादक टी.एन.नाइनन ने आनंद शर्मा से मुलाकात की थी।
शर्मा ने कहा, "सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने वित्त मंत्रालय को पहले ही पैकेज से संबंधित सिफारिशें भेज दी है। सरकार जल्द ही इसकी घोषणा करेगी।"
बताया जा रहा है कि यह राहत पैकेज ज्यादातर प्रिंट मीडिया से संबंधित होगा। लेकिन कुछ मामलों में यह इलेक्ट्रानिक मीडिया के लिए भी लाभकारी होगा।
शर्मा ने पैकेज की मात्रा व उसके स्वभाव का खुलासा करने से इंकार कर दिया।
ज्ञात हो कि प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया उद्योग वैश्विक वित्तीय संकट के प्रभाव के कारण विज्ञापन से आने वाली आमदनी में आई गिरावट की समस्या से जूझ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications