वाजपेयी की हालत गंभीर, सोनिया-मनमोहन ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना (लीड-2)
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सा अधीक्षक डी.के. शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। उन्हें अभी भी मैकेनिकल वेंटिलेशन पर ही रखा गया है।"
उन्होंने कहा, "विभिन्न विभागों के चिकित्सकों का एक दल उनकी हालत पर नजर रखे हुए है। उनका रक्तचाप सही है और गुर्दा व लीवर समेत सभी जरूरी अंग सामान्य हैं।"
इस बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वाजपेयी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव टी. के. ए. नायर ने एम्स जाकर वाजपेयी का कुशलक्षेम जाना और प्रधानमंत्री की तरफ से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
ज्ञात हो कि हाल ही में मनमोहन सिंह का भी एम्स में बायपास सर्जरी हुआ था।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी भी शनिवार सुबह वाजपेयी को देखने एम्स पहुंचे। वाजपेयी के स्वास्थ्य के बारे में उनके परिजनों और चिकित्सकों से पूछताछ करने के बाद चटर्जी ने कहा, "मैं समझता हूं कि वाजपेयी जी तकलीफ का सामना बहुत साहस से कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "मुझे यकीन है कि उन्हें अस्पताल से जल्दी ही छुट्टी मिलेगी। मैं उनके जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने फोन पर वाजपेयी के चिकित्सकों से बात करने के बाद बताया कि पार्टी के वयोवृद्ध नेता जल्द स्वस्थ हो जाएंगे।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी व राष्ट्रीय परिषद की बैठक में भाग लेने नागपुर पहुंचे आडवाणी ने कहा, "मुझे बताया गया है कि वाजपेयी जी की तबीयत में सुधार हो जाएगा।"
84 वर्षीय वाजपेयी को मंगलवार रात सांस लेने में कठिनाई होने पर एम्स के अतिविशिष्ट व्यक्तियों वाले गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को उन्हें कृत्रिम जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications