केंद्र में अधिक जिम्मेदार सरकार के लिए करें मतदान : ज्योति बसु
कोलकाता, 7 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वयोवृद्ध नेता ज्योति बसु ने शनिवार को कहा कि केंद्र में बेहतर और ज्यादा जिम्मेदार सरकार के लिए राजनेताओं और जनता को मिलकर काम करना चाहिए।
साल्टलेक स्थित अपने आवास पर मीडिया के माध्यम से बसु ने इसके लिए लोगों से अपना वोट डालने और अपने पड़ोसियों का भी मतदान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। बसु ने यह बातें उस समय कही है जब देश में लोकसभा जल्दी ही होने वाले हैं।
बसु ने राज्य के विपक्षी दलों खासकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पश्चिम बंगाल को केवल एक पिछड़ा राज्य बनाना चाहते हैं।
बसु ने कहा कि माकपा नेतृत्व वाले वाम मोर्चे का विरोध करने वाले दल राज्य में कोई भी सामाजिक, आर्थिक या राजनीतिक परिवर्तन नहीं चाहते। वे अपनी सोच को बंदूकों के जोर से लोगों पर थोपना चाहते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के विपक्षी दलों के पास न कोई निश्चित राजनीतिक एजेंडा और न कोई सिद्धान्त है। वे केवल पश्चिम बंगाल को पिछड़ा बनाने और राज्य तथा इसके लोगों को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।
बसु ने कहा कि नैतिकता और राजनीतिक ज्ञान के अभाव में ये सभी पार्टियां समझती हैं कि लोगों को हथियारों के भय से अपनी बात मानने के लिए बाध्य किया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications