हर हाल में होगा राम मंदिर निर्माण : भाजपा
नागपुर, 7 फरवरी (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर राम मंदिर का राग अलापते हुए कहा है कि उत्तरपदेश के अयोध्या में हर हाल में वृहद राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने यहां चल रही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी व राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दूसरे दिन शनिवार को कहा, "राम मंदिर का निर्माण पार्टी की निष्ठा और आस्था से जुड़ा है। हम अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए सही मौके का इंतजार कर रहे हैं।"
राजनाथ सिंह ने कहा, "कोई माई का लाल राम मंदिर निर्माण से हमें नहीं रोक सकता।"
उल्लेखनीय है कि भारतीय राजनीति में भाजपा को आज जो मुकाम हासिल है, वह राम मंदिर आंदोलन की ही देन है। छह वर्षो तक शासन में रहने के बाद भी भाजपा जब राम मंदिर का निर्माण नहीं करा पाई तो उस पर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करने के आरोप लगने लगे।
अलबत्ता लोकसभा चुनाव के पहले हो रही कार्यकारिणी की अंतिम बैठक में पार्टी ने एक बार फिर राम मंदिर का मुद्दा उछाल दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications