राहत पैकेज पर अमेरिकी सीनेटरों के बीच समझौता (लीड-1)
अमेरिकी अर्थव्यवस्था को संकट से उबारने के लिए जरूरी इस पैकेज पर सीनेट के दोनों दलों के सदस्यों के बीच सहमति की घोषणा शुक्रवार रात सदन के पटल पर की गई। दो दिनों तक राष्ट्रपति बराक ओबामा के डेमोक्रेट पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों के बीच गर्मागर्म बहस के बाद एक समझौते पर सहमति बनी।
इससे पहले जब यह लगा कि शुक्रवार रात को ही मतदान हो सकता है तो अधिकारियों ने बताया कि एक सरकारी विमान फ्लोरिडा के लिए रवाना कर दिया गया ताकि वहां से सीनेटर एडवर्ड कैनेडी को लाया जा सके। इससे विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी 60 मत जुटाए जा सकते थे।
डेमोक्रेट सदस्य और समझौते के एक प्रमुख वार्ताकार बेन नेल्सन ने कहा कि सीनेटरों ने 819 अरब डॉलर के पैकेज को काटकर 780 अरब डॉलर कर दिया। इस पैकेज में कर में छूट और आधारभूत संरचनाओं पर खर्च की व्यवस्था है जिससे नौकरियां बचाई जा सके या फिर नई नौकरियों का सृजन हो सके।
पिछले सप्ताह हाऊस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में जब विधेयक पास हुआ तब एक भी रिपब्लिकन सदस्य इसके समर्थन में सामने नहीं आया था।
समझौते के बाद पैकेज पर शनिवार या रविवार को मतदान करवाया जा सकता है।
शुक्रवार को आपसी सहमति बनाने में अग्रणी भूमिका निभाने वाली महत्वपूर्ण रिपब्लिकन सदस्य सूसन कॉलिंस ने कहा कि इस समझौते से विधेयक को मंजूरी दिलाने में आसानी होगी। इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को खतरनाक मंदी से उबारने में सहायता मिलेगी।
कॉलिंस उन तीन रिपब्लिकन सीनेटरों में से एक हैं जो संभवत: समझौते के समर्थक हैं। बहुमत दल के नेता और डेमोक्रेट सदस्य हैरी रीड ने कहा कि शुक्रवार रात को सीनेट में मतदान की संभावना कम ही है लेकिन सप्ताहांत में सीनेट की विशेष बैठक हो सकती है।
सौ सदस्यीय सीनेट में विधेयक को पास कराने के लिए 60 सदस्यों का समर्थन चाहिए जबकि डेमोक्रेट सदस्यों की संख्या 58 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications